गांधीनगर, 27 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मार्च को महावीर जन्मकल्याणक के अवसर पर गांधीनगर के कोबा तीर्थ में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।
आयोजकों द्वारा जारी बयान में कहा गया कि यह संग्रहालय मौर्य सम्राट संप्रति की विरासत को समर्पित है। इसका उद्देश्य खासकर अहिंसा के संदेश पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को प्रदर्शित करना है,
टोरेंट ग्रुप के यूएनएम फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित इस संग्रहालय में प्राचीन जैन कलाकृतियां रखी गई हैं, जिनमें प्राचीन मूर्तियां, पांडुलिपियां, लघु चित्र और सिक्के शामिल हैं। ये सभी सात गैलरियों में प्रदर्शित हैं, जो लगभग 200 ईसा पूर्व से लेकर इतिहास की झलक देती हैं।
यह संग्रहालय महावीर जैन आराधना केंद्र के परिसर में स्थित है।
श्री महावीर जैन आराधना केंद्र के अध्यक्ष सुधीर मेहता ने कहा कि इस ऐतिहासिक संग्रहालय के निर्माण के सपने को साकार करने में कोबा तीर्थ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, ‘यह सपना साकार होते देख बहुत संतोष हो रहा है। यह संग्रहालय हमारी साझा विरासत का प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को भारत की आध्यात्मिकता, संस्कृति और कला की खोज के लिए प्रेरित करेगा।’
भाषा योगेश रमण
रमण