राज्यसभा चुनाव से पहले हरियाणा के कांग्रेस विधायक शिमला के पास रिजॉर्ट में ठहराए गए

Ads

राज्यसभा चुनाव से पहले हरियाणा के कांग्रेस विधायक शिमला के पास रिजॉर्ट में ठहराए गए

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 09:28 PM IST

शिमला, 14 मार्च (भाषा) हरियाणा के 31 कांग्रेस विधायक कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को शिमला के उपनगर कुफरी स्थित दो रिजॉर्ट में ठहराए जाने के बाद पास के पर्यटन स्थल चैल घूमने गए।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के प्रयास में उन्हें शुक्रवार को हरियाणा से हिमाचल प्रदेश भेज दिया।

विधायकों को शुक्रवार शाम तीन छोटी बसों में वाहनों के काफिले की सुरक्षा के साथ कुफरी लाया गया और उनके लिए कुल 37 कमरे बुक किए गए हैं।

संभावित दबाव और क्रॉस-वोटिंग की आशंका को देखते हुए विधायकों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिस रिजॉर्ट में विधायक ठहरे हैं, वहां जाने वाले शिमला-कन्नूर रोड़ पर पुलिस तैनात की गई है। मीडिया कर्मियों को भी रिजॉर्ट से करीब 200 मीटर दूर रखा गया है।

हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं क्योंकि भाजपा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इन सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर सिंह और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल चुनावी मैदान में हैं।

हरियाणा के 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक, कांग्रेस के 37, लोक दल के दो और तीन निर्दलीय विधायक हैं। राज्यसभा पहुंचने के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को 31 वोटों की आवश्यकता होगी।

मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना की जाएगी।

भाषा राखी माधव

माधव

माधव