मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी के लिए आइसा ने किया प्रदर्शन

Ads

मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी के लिए आइसा ने किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 04:39 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शुक्रवार को यहां जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया।

आयोजकों के अनुसार, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक हालिया खबर के बाद आइसा की दिल्ली इकाई द्वारा यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस खबर में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए थे।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन समर्थित छात्र संगठन आइसा ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शन के दौरान ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो’ के नारे लगाए और आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के कामकाज में कई खामियां एवं विसंगतियां हैं।

इस विरोध-प्रदर्शन में कई कार्यकर्ताओं और सार्वजनिक हस्तियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आइसा अध्यक्ष नेहा, योगेंद्र यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा, भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वकील प्रशांत भूषण, अंजलि भारद्वाज और नंदिता नारायण शामिल थे।

मतदाता सूचियों के प्रबंधन और ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दल एवं अन्य संगठन निर्वाचन आयोग के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश