भूस्खलन के कारण नेपाल की चमेलिया नदी में पानी इकटठा होने की सूचना, पिथौरागढ़ में अलर्ट जारी
भूस्खलन के कारण नेपाल की चमेलिया नदी में पानी इकटठा होने की सूचना, पिथौरागढ़ में अलर्ट जारी
पिथौरागढ़, पांच सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने भूस्खलन के कारण नेपाल की चमेलिया नदी में पानी इकटठा होने की सूचना मिलने के बाद झूलाघाट क्षेत्र में काली नदी के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी के पास न जाने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पिथौरागढ़ के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने यहां बताया कि पिथौरागढ़ के गेथीगड़ा गांव में काली नदी से मिलने वाली चमेलिया नदी में भारी भूस्खलन के कारण उसका जलप्रवाह अवरूद्ध होने तथा भारी मात्रा में पानी जमा होने की सूचना मिलने के बाद यह अलर्ट जारी किया गया है ।
उन्होंने बताया कि नेपाल के बैतड़ी और दार्चुला जिलों के मुख्य जिला अधिकारियों द्वारा इस संबंध में सूचना दी गयी।
अधिकारी ने कहा, “क्षेत्र में काली नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है लेकिन हमने नदी के पास बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। हमने नदी के जलस्तर में बढोत्तरी की संभावना के मद्देजनर सशस्त्र सीमा बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिस से भी मदद के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया है।”
भाषा सं दीप्ति
जोहेब
जोहेब

Facebook


