आलिया भट्ट असम बाढ़ को लेकर चिंतित, राहत प्रयासों में सहयोग की अपील की

Ads

आलिया भट्ट असम बाढ़ को लेकर चिंतित, राहत प्रयासों में सहयोग की अपील की

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 01:16 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 01:16 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) अभिनेत्री आलिया भट्ट ने असम में आई बाढ़ को लेकर चिंता जताते हुए अपने प्रशंसकों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।

असम में बाढ़ की स्थिति 19 जुलाई से शुरू हुई और इस प्राकृतिक आपदा ने वहां भारी तबाही मचाई है।

आलिया भट्ट ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि तत्काल राहत की जरूरत है। उन्होंने लिखा, ‘‘इस समय देश के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनमें असम सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक है और वहां बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अब तक 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। पूरे परिवारों ने अपने घर, जमीन, पशुधन और कुछ लोगों ने अपने प्रियजनों को भी खो दिया है।’’

अभिनेत्री ने कहा कि ऐसी स्थिति हर साल सामने आती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह हर साल होता है और फिर भी हम इसके लिए तैयार नहीं रह पाते। असम को अभी तत्काल राहत की जरूरत है और लंबे समय तक पुनर्वास के लिए भी सहायता की आवश्यकता होगी।’’

उन्होंने कहा कि अगर लोग यह सोच रहे हैं कि वे किस तरह मदद कर सकते हैं तो वह आने वाले दिनों में जमीन पर काम कर रहे संगठनों के माध्यम से राहत प्रयासों में सहयोग के कुछ तरीके साझा करेंगी।

नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। राज्य के सात जिले- शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, सोनितपुर और कामरूप मेट्रोपॉलिटन अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 21 राजस्व क्षेत्र और 622 गांव प्रभावित हैं।

बाढ़ के कारण 45,341.98 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है। प्रभावित जिलों में घरों, मवेशी को रखने के स्थान और स्कूलों सहित विभिन्न बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।

भाषा मनीषा माधव

माधव