जयपुर, 29 जुलाई (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में बुधवार सुबह एक स्कूल वैन के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने से 15 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बांसवाड़ा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अयान वासुनिया (15) के रूप में हुई है।
उसने बताया कि एक निजी स्कूल के विद्यार्थियों को ले जा रही वैन खड़े ट्रक से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में छह से अधिक बच्चे घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल छात्र रुद्र नेमा (16) को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर भेजा गया है।
सिंह ने घायल विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनके परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘घटना की गहन जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि वैन का संचालन संभवतः सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर किया जा रहा था। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उपमंडलीय मजिस्ट्रेट स्तर की जांच शुरू कर दी गई है और मामला दर्ज किया गया है।
भाषा बाकोलिया
सिम्मी
सिम्मी