राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी अनुमति मिली: अजय राय
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी अनुमति मिली: अजय राय
प्रयागराज (उप्र), सात अगस्त (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी अनुमति मिल गई है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में लोग शामिल होंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का शनिवार को प्रयागराज में विद्यार्थियों से संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमें मंजूरी मिल गई है। अब कोई रुकावट नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी शनिवार को विद्यार्थियों के साथ राहुल के सवांद को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राय ने बताया कि कांग्रेस ने शनिवार के कार्यक्रम के बारे में जागरुकता के लिए शुक्रवार शाम प्रयागराज में एक मोटरसाइकिल रैली निकालने की योजना बनाई है।
अजय राय राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए पिछले कुछ दिनों से प्रयागराज में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अगर कोई गड़बड़ी नहीं हुई तो राहुल जी के कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थी पहुंचेंगे।’’
कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने केपी ग्राउंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के लिए बृहस्पतिवार देर रात सशर्त मंजूरी प्रदान की।
न्यास के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं से परामर्श करके आयोजकों को कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम की अनुमति दी गई है। इसमें कॉलेज में अध्ययन-अध्यापन कार्य प्रभावित नहीं होना और जिलाधिकारी की अनुमति जैसी शर्तें शामिल हैं।’’
इसके पहले केपी ट्रस्ट ने बुधवार को आठ अगस्त के राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी।
उस समय जितेंद्र नाथ चौधरी ने कहा था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के मैदान को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।’’
उन्होंने कहा था कि इसके अलावा मैदान में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करेगी, लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं प्राप्त की गई है।
अजय राय ने बृहस्पतिवार को यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम जारी किया जिसके मुताबिक, राहुल आठ अगस्त को एक विशेष विमान से अपराह्न दो बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।
राय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी साढ़े तीन बजे प्रयागराज हवाई अड्डा से सड़क मार्ग के जरिए आनंद भवन जाएंगे और शाम छह बजे से साढ़े आठ बजे तक ‘केपी ग्राउंड’ में पार्टी का संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ आयोजित होगा।
भाषा मनीष आनन्द खारी
खारी

Facebook


