असम में चार मंत्रियों को विभागों का आवंटन

असम में चार मंत्रियों को विभागों का आवंटन

असम में चार मंत्रियों को विभागों का आवंटन
Modified Date: May 14, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: May 14, 2026 5:18 pm IST

गुवाहाटी, 14 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ शपथ लेने वाले चार मंत्रियों को बृहस्पतिवार को विभाग आवंटित कर दिए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई मंत्रियों के विभागों की सूची को मंजूरी दे दी है।

शर्मा मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद (एजीपी) के अतुल बोरा तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री तेली को श्रम कल्याण, चाय जनजाति एवं आदिवासी कल्याण तथा परिवर्तन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पिछली सरकार में वित्त मंत्री रहीं नियोग को महिला एवं बाल विकास तथा पर्यटन विभाग आवंटित किए गए हैं।

पिछली सरकार में कृषि मंत्री रहे बोरा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, असम समझौता कार्यान्वयन, सीमा संरक्षण एवं विकास तथा आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री रहे बोरो को परिवहन और बोडोलैंड कल्याण विभाग फिर से सौंपा गया है।

मंत्रिमंडल के विस्तार तक बाकी सभी विभाग मुख्यमंत्री के पास रहेंगे।

भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने राज्य में लगातार तीसरी बार रिकॉर्ड 102 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी है। शर्मा ने 12 मई को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

भाषा मनीषा पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में