भारी बारिश के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोड़ी यात्राएं लगातार दूसरे दिन स्थगित

भारी बारिश के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोड़ी यात्राएं लगातार दूसरे दिन स्थगित

भारी बारिश के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोड़ी यात्राएं लगातार दूसरे दिन स्थगित
Modified Date: July 20, 2026 / 12:20 pm IST
Published Date: July 20, 2026 12:20 pm IST

(शीर्षक, इंट्रो तथा अन्य जगह एक नाम में सुधार के साथ)

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिव खोड़ी गुफा मंदिरों की यात्राएं सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रहीं।

प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को आधार शिविरों और ठहराव स्थलों पर ही रहने की सलाह दी है।

एक बयान में कहा गया है, ‘‘मौसम विभाग की ओर से जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर पहले ही निर्णय लिया जा चुका है कि श्री अमरनाथ जी यात्रा अगले आदेश तक स्थगित रहेगी। इसके अनुरूप जम्मू, उधमपुर अथवा रामबन से श्रीनगर की ओर श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाले किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर, रामबन और बनिहाल स्थित विभिन्न आधार शिविरों एवं आवास केंद्रों में सैकड़ों श्रद्धालु फंसे हुए हैं। श्रद्धालुओं को कश्मीर की ओर जाने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की यात्रा भी लगातार दूसरे दिन स्थगित रही। पुलिस ने कटरा आधार शिविर पर लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रा स्थगित रहने की घोषणा की।

घोषणा में कहा गया, ‘‘यात्रा स्थगित कर दी गई है। किसी भी श्रद्धालु को भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’’

कटरा पहुंचे श्रद्धालुओं को मौसम सामान्य होने तक वहीं ठहरने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले में स्थित श्री शिव खोड़ी धाम की यात्रा भी भारी बारिश के पूर्वानुमान और रांसू क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण लगातार दूसरे दिन स्थगित रही।

श्री शिव खोड़ी श्राइन बोर्ड ने प्रतिकूल मौसम से उत्पन्न सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए श्रद्धालुओं से अगले आदेश तक अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील की है।

श्राइन बोर्ड की ओर से जारी परामर्श में कहा गया, ‘‘भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश के पूर्वानुमान और रांसू क्षेत्र में खराब मौसम को देखते हुए श्री शिव खोरी की यात्रा अगले आदेश तक स्थगित रहेगी।’’

प्रशासन ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और श्रद्धालुओं से गुफा मंदिर की यात्रा की योजना बनाने से पहले ताजा जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि मौसम में सुधार और सुरक्षा स्थिति के आकलन के आधार पर यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

रविवार तड़के क्षेत्र में बारिश शुरू हुई थी और कश्मीर के वन क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाएं भी हुईं। मौसम विभाग ने 19 से 24 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

भाषा मनीषा माधव

माधव

माधव


लेखक के बारे में