अमरनाथ यात्रा : श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने को सुरक्षा एजेंसियों का व्यापक अभियान
अमरनाथ यात्रा : श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने को सुरक्षा एजेंसियों का व्यापक अभियान
जम्मू, 26 जून (भाषा) वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने शुक्रवार को व्यापक गश्त की, क्षेत्र प्रभुत्व अभ्यास किया तथा घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करना, शांति एवं सतर्कता बनाए रखना तथा तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और संरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत पुलिस ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय कर अरनिया सीमा क्षेत्र में रठाना से सालेहार, चक जग्तू और आसपास के इलाकों तक संयुक्त लंबी दूरी का गश्ती अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि इस गश्त का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में कड़ी निगरानी बनाए रखना, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना और सुरक्षा बलों की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस, सीआईएसएफ और बीएसएफ के जवानों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
एक अन्य अभियान के तहत पुलिस ने आर. एस. पुरा, बिश्नाह, अरनिया और मीरां साहिब क्षेत्रों में व्यापक क्षेत्र प्रभुत्व अभ्यास चलाया, ताकि अमरनाथ यात्रा से पहले शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जा सके।
इन अभ्यासों के दौरान संवेदनशील स्थानों, सीमा से सटे गांवों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस अड्डों और अन्य रणनीतिक स्थलों को शामिल किया गया। सुरक्षा बलों ने गहन गश्त, वाहनों की तलाशी, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने जैसी गतिविधियां संचालित कीं।
अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य संचालन संबंधी तैयारियों को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाना, संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान करना तथा क्षेत्र में तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर कटाल बटाल, ताहरा और बजाल्टा रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान भी चलाया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, अमरनाथ यात्रा के निर्धारित मार्ग तथा उससे सटे रेलवे स्टेशन क्षेत्र को कवर किया गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


