बंगाल के मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष दिल्ली में नितिन नवीन से करेंगे मुलाकात, निकाय चुनाव पर चर्चा
बंगाल के मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष दिल्ली में नितिन नवीन से करेंगे मुलाकात, निकाय चुनाव पर चर्चा
कोलकाता, 24 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य बृहस्पतिवार शाम दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर निकाय चुनाव की तैयारियों व अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बैठक के एजेंडे में सरकार और संगठन के बीच समन्वय प्रमुख रूप से शामिल है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और बंगाल से लोकसभा सदस्य सुकांत मजूमदार तथा पार्टी के राज्य प्रभारी सुनील बंसल के भी मौजूद रहने की संभावना है।
यह बैठक भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समय पर हो रही है।
सत्तारूढ़ दल शहरी क्षेत्रों में अपनी पहली बड़ी चुनावी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व यह सुनिश्चित करना चाहता है कि प्रशासन, प्रदेश संगठन और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच कोई दूरी न रहे, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी है।
भट्टाचार्य पर बूथ स्तर से संगठन को फिर से खड़ा करने और मजबूत करने की जिम्मेदारी है, जबकि मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु के सामने संगठन व पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़े रखने और लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की चुनौती है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों तथा छह अन्य निकायों के चुनाव सात दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।
यह चुनाव एक जुलाई को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर होंगे।
भाजपा ने निकाय चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं और कोलकाता तथा हावड़ा के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।
मजूमदार को कोलकाता नगर निगम चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा हावड़ा चुनाव की देखरेख कर रहे हैं।
भट्टाचार्य पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा कोलकाता और हावड़ा निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ने में सक्षम है।
उन्होंने राज्य स्तर पर ‘नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) के साथ तत्काल किसी सीट बंटवारे की संभावना से भी इनकार किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने हालांकि कहा कि गठबंधन पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भाषा शुभम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


