बेंगलुरु पुलिस ने ट्रांसजेंडर की गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए
बेंगलुरु पुलिस ने ट्रांसजेंडर की गैर-कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए
बेंगलुरु, 24 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर कुछ ट्रांसजेंडर द्वारा कथित रूप से लोगों को परेशान करने, यातायात बाधित करने, जबरन पैसे वसूलने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं और साथ ही पुलिसकर्मियों को उनके कानूनी अधिकारों तथा गरिमा की रक्षा करने का निर्देश दिया है।
पुलिस ने बताया कि जनता की शिकायतों और मीडिया में आई खबरों के बाद ये दिशानिर्देश जारी किए गए।
शिकायतों में आक्रामक तरीके से पैसे या भीख मांगना, यातायात और पैदल चलने वालों की आवाजाही रोकना, धमकी देना, अभद्र व्यवहार, मारपीट और उत्पीड़न जैसे आरोप शामिल हैं।
एक विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस ने कहा कि प्रत्येक शिकायत के तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उसने कहा कि यातायात सिग्नल, बाजार, बस और रेलवे स्टेशन, रिहायशी इलाकों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक थाने को उन स्थानों की पहचान कर वहां गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया है जहां से बार-बार इस तरह की शिकायत आती हैं।
पुलिस ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के साथ नियमित बैठकें करेगी और उन्हें गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल न होने के प्रति जागरूक करेगी।
दिशानिर्देशों में कहा गया है कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस ट्रांसजेंडर लोगों के कानूनी अधिकार, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करे। पुलिसकर्मियों को उनके खिलाफ अपमानजनक या अभद्र भाषा का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से ऐसी घटनाओं से घबराने के बजाय हेल्पलाइन पर सूचना देने और नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव

Facebook


