अंबुबाची मेला: कामाख्या मंदिर ‘प्रवृति’ के लिए रात नौ बजकर आठ मिनट पर बंद हो जायेगा

अंबुबाची मेला: कामाख्या मंदिर ‘प्रवृति’ के लिए रात नौ बजकर आठ मिनट पर बंद हो जायेगा

अंबुबाची मेला: कामाख्या मंदिर ‘प्रवृति’ के लिए रात नौ बजकर आठ मिनट पर बंद हो जायेगा
Modified Date: June 22, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: June 22, 2026 5:36 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

गुवाहाटी, 22 जून (भाषा) असम में गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में मशहूर अंबुबाची मेला सोमवार रात से शुरू होगा और प्रशासन अगले चार दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए कमर कस चुका है।

‘प्रवृत्ति’ के अवसर पर रात 9:08 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। मान्यता है कि इसी अवधि के दौरान देवी कामाख्या का वार्षिक रजस्वला (मासिक धर्म) चक्र आरंभ होगा।

कामाख्या देवालय के ‘सारू डोलोई’ हिमाद्री शर्मा ने कहा, ‘‘ निवृत्ति के बाद, 26 जून की सुबह सूर्योदय के बाद मंदिर के दरवाजे आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि जब कामाख्या पूजा और देवी भगवती के पवित्र स्नान से जुड़ी रस्में होंगी, तब मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।

शर्मा ने कहा, ‘‘महा-यज्ञ 23, 24 और 25 जून को लगातार तीन दिन और तीन रात तक चलेगा। मुख्य समारोह 26 जून को होगा।’’

कामरूप मेट्रोपॉलिटन ज़िला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंबुबाची मेले के दौरान लगभग आठ लाख श्रद्धालुओं के ‘शक्ति पीठ’ आने की उम्मीद है।

साल 2024 में अंबुबाची मेले में कुल 7,46,066 श्रद्धालु आए, जिनमें 20 विदेशी भी शामिल थे जबकि पिछले साल इस कार्यक्रम में 7,72,019 लोग पहुंचे थे, जिनमें 42 विदेशी नागरिक भी थे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, ‘‘नीलाचल पर विराजमान माता कामाख्या के पवित्र अंबुबाची महायोग के पावन अवसर पर, जगत जननी के चरणों में कोटि-कोटि नमन।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मां कामाख्या की कृपा-दृष्टि सभी के जीवन को खुशी, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक शक्ति से भर दे–यही मेरी प्रार्थना है। जय मां कामाख्या!’’

पर्यटन मंत्री अजंता नियोग ने 17 जून को प्रेसवार्ता में कहा था कि सरकार पवित्र नीलाचल पहाड़ियों पर होने वाले अंबुवाची महायोग के लिए श्रद्धालुओं का स्वागत करने को पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई सरकारी एजेंसियां ​​इस आयोजन को शानदार ढंग से सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। राज्य सरकार मेले के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 24 अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर काम कर रही है।’’

मंत्री ने कहा था कि अंबुबाची मेले में आने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए तीन बड़े कैंप लगाए जा रहे हैं।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में