शाह ने गोवा में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया, दिल्ली हादसे के बाद कार्यक्रम जल्दी खत्म
शाह ने गोवा में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया, दिल्ली हादसे के बाद कार्यक्रम जल्दी खत्म
पणजी, छह सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश मुख्यालय का उद्घाटन किया, हालांकि दिल्ली में इमारत ढहने की घटना के बाद कार्यक्रम जल्द खत्म कर दिया गया।
तीन दिवसीय गोवा दौरे पर आए शाह पणजी के पास चिंबल गांव में स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और उद्घाटन किया।
समारोह के बीच मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दिल्ली हादसे के कारण कार्यक्रम जल्द खत्म करने की घोषणा की।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार दोपहर दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग मलबे में फंस गए। इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के ‘पीजी’ के रूप में किया जा रहा था।
सावंत ने कहा, ‘‘चूंकि नयी दिल्ली में एक दुखद घटना हुई है, इसलिए हमने कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।’’
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके शाह ने नए कार्यालय भवन के उद्घाटन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।
कार्यक्रम में गोवा भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाइक, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और राज्यसभा सदस्य सदानंद शेत तानावडे समेत कई नेता मौजूद थे।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


