अमिताभ बच्चन को ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब’ के प्रचार के लिए चुना गया

अमिताभ बच्चन को ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब’ के प्रचार के लिए चुना गया

अमिताभ बच्चन को ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब’ के प्रचार के लिए चुना गया
Modified Date: February 22, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: February 22, 2026 8:11 pm IST

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) सरकार ने रविवार को घोषणा की कि ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब’ (एसआईडीएच) की पहुंच बढ़ाने के लिए संचालित किए जा रहे एक नए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अभिनेता अमिताभ बच्चन से इसके प्रचार-प्रसार के लिए संपर्क किया गया है।

भारत में एसआईडीएच के माध्यम से डिजिटल कौशल विकास आंदोलन को गति देने के लिए ‘‘बढ़ना है तो यहां जुड़ना है’’ अभियान की शुरुआत कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने हाल ही में संपन्न हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान की।

इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘इसके राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान के तहत, इस अभियान में जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन को शामिल किया गया है, जिनकी व्यापक लोकप्रियता और व्यापक जन अपील से स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) के प्रति जागरूकता एवं भागीदारी और मजबूत होने की उम्मीद है। एसआईडीएच भारत का कौशल विकास, रोजगार और आजीवन सीखने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच है।’’

इस अभियान का उद्देश्य एसआईडीएच तक पहुंच को और अधिक बढ़ाना है, जिसमें पहले से ही 1.5 करोड़ से अधिक पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हो चुके हैं और यह देश के सबसे बड़े एकीकृत डिजिटल कौशल विकास मंचों में से एक के रूप में उभरा है।

बयान के अनुसार, जैसे-जैसे भारत तेजी से ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन व डिजिटल नवाचार के बदलावों का सामना कर रहा है, उसी बीच एसआईडीएच को एक केंद्रीय मंच के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को नए कौशल सिखाने, मौजूदा कौशल को निखारने और उनके करियर को भविष्य के लिए तैयार करना है।

चौधरी ने इसकी शुरुआत के अवसर पर कहा, ‘‘एसआईडीएच इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना आजीवन सीखने को बढ़ावा दे सकती है और वास्तविक आर्थिक अवसर पैदा कर सकती है, खासकर एआई और (ऑटोमेशन) स्वचालन के इस युग में। ‘बढ़ना है तो यहां जुड़ना है’ अभियान के माध्यम से हम हर भारतीय को इस परिवेशी तंत्र से जुड़ने और अपने विकास की यात्रा में अगला कदम उठाने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।’’

एसआईडीएच का संचालन कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एसएनडीसी) द्वारा किया जाता है।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में