चेन्नई, नौ मई (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) ने सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए ‘‘फर्जी’’ समर्थन पत्र का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के खिलाफ गिंडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गिंडी पुलिस के अनुसार, एएमएमके महासचिव टी टी वी दिनाकरन की ओर से एक अर्जी प्राप्त हुई है।
हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की कि शनिवार सुबह तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
यह घटनाक्रम दिनाकरन के आधी रात को गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त के कार्यालय पहुंचने के बाद सामने आया।
एएमएमके प्रमुख ने पत्रकारों से बात करते हुए विजय-नीत टीवीके पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को एक पत्र की फर्जी प्रति सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पत्र में मन्नारगुडी से एएमएमके के एकमात्र निर्वाचित विधायक एस. कामराज के समर्थन का झूठा दावा किया गया था।
दिनाकरन ने कहा, ‘‘जो टीवीके खुद को ‘पवित्र शक्ति’ बताती है, उसने जालसाजी और विधायकों की खरीद-फरोख्त की है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने फर्जी समर्थन दिखाकर दलबदल विरोधी कानून को दरकिनार करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि कामराज उनके नाम से इस्तेमाल किए गए फर्जी दस्तावेज को देखकर ‘‘हैरान’’ रह गए।
इससे पहले शुक्रवार को दिनाकरन ने अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी को एएमएमके का औपचारिक रूप से समर्थन दिया था।
इस बीच, टीवीके ने इन आरोपों को ‘‘झूठी खबर’’ बताते हुए खारिज किया है। पार्टी ने जवाब में एक वीडियो जारी किया है जिसमें विधायक कामराज को कथित तौर पर स्वेच्छा से समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करते दिखाया गया है।
गिंडी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने पर निर्णय लेने से पहले अर्जी की प्रारंभिक जांच किए जाने की संभावना है।
भाषा
सिम्मी सुरेश
सुरेश