बेरोजगारी सबसे बड़ी बीमारी, भाजपा के पास इसका जवाब लाठी है: राहुल गांधी

Ads

बेरोजगारी सबसे बड़ी बीमारी, भाजपा के पास इसका जवाब लाठी है: राहुल गांधी

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 01:17 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 01:17 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा की मांग करने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किए जाने को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि देश में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, लेकिन भाजपा युवाओं को इसका जवाब लाठी से देती है।

उन्होंने यह दावा भी किया कि युवा भाजपा के झूठ से तंग आ चुके हैं और वे अब चुप नहीं बैठेंगे।

बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस ने शुक्रवार को लाठीचार्ज किया था। प्रदर्शनकारी इस परीक्षा के लिए रिक्तियों का विज्ञापन तत्काल जारी करने मांग कर रहे थे।

गांधी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पटना में कल अपने रोज़गार का हक़ मांगते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने बेरहमी से पीटा, फिर से (ऐसा किया गया)।)

उन्होंने दावा किया कि बेरोज़गार युवाओं को भाजपा का जवाब लाठी है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘भारत में आज सबसे बड़ी बीमारी बेरोज़गारी है और इसकी सबसे भयंकर मार बिहार तथा उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रही है। लाखों युवा डिग्री और क़ाबिलियत हाथ में लेकर दर-दर भटक रहे हैं। मगर भाजपा की सरकार को न इनकी परवाह है, न आपकी।’’

उन्होंने कहा कि जब युवा सड़कों पर उतरकर अपना हक़ मांगते हैं, उनके हाथ में रोज़गार नहीं, उन पर लाठियां भांजी जाती हैं।

गांधी ने कहा, ‘‘भारत का युवा भाजपा के झूठ से तंग आ चुका है – वो अब चुप नहीं बैठेगा। और, कांग्रेस उनके साथ हर मोड़ पर खड़ी है।’’

भाषा हक नेत्रपाल

नेत्रपाल