मोतिहारी, नौ मई (भाषा) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक घर-सह-दुकान में आग लगने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार रात जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बरहरवा फतेह मोहम्मद गांव स्थित एक किराना दुकान में हुई।
मृतकों की पहचान दुकानदार के आठ वर्षीय बेटे, 12 वर्षीय बेटी और दुकान के कर्मचारी प्रिंस कुमार (28) के रूप में हुई है।
मौतों की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी राहुल कुमार ने कहा, “दुकानदार का घर दुकान के ऊपर स्थित है। रात के समय दुकान में आग लगी। ग्रामीणों को आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण संभवत: आग लगी होगी, लेकिन सटीक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।”
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं तथा करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल ले जाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दुकानदार किसी तरह घर से बाहर निकल आया लेकिन झुलसने से घायल हो गया। उसे पहले अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल