जयपुर, 18 सितंबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में नौ वर्षीय छात्रा अमायरा की मौत के मामले का जिक्र करते हुए स्कूल को नयी दिल्ली में निजी समाचार चैनल की ओर से पुरस्कार दिए जाने पर शुक्रवार को सवाल उठाए।
स्कूल को 16 सितंबर को आयोजित एक समारोह में ‘एक्सीलेंस इन डेवलपिंग यंग लीडर्स एंड चेंजमेकर्स’ पुरस्कार मिला था।
इस फैसले को ‘चौंकने वाला’ बताते हुए रांका ने सवाल किया कि क्या आयोजक पिछले साल एक नवंबर को स्कूल में कक्षा चार की छात्रा अमायरा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों से वाकिफ थे।
अमायरा की मौत कथित तौर पर स्कूल की इमारत की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। उसके माता-पिता ने दावा किया था कि सहपाठी उसे बार बार प्रताड़ित कर रहे थे और शिक्षकों से मदद मांगने की उसकी कोशिशों को नजरअंदाज कर दिया गया।
बाद में परिवार ने कक्षा का सीसीटीवी फुटेज जारी किया जिसमें दावा किया गया कि बच्ची परेशान दिख रही थी और कक्षा से निकलने से पहले अपनी शिक्षिका के पास गई थी।
रांका ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘क्या आप जानते हैं कि नीरजा मोदी वही स्कूल है जहां एक 9 साल की अमायरा ने आत्महत्या कर ली थी क्योंकि उसके शिक्षकों ने लगातार उसकी शिकायतों को नजरअंदाज किया था? क्या आप जानते हैं कि घटना के बाद स्कूल ने सबसे पहला काम फर्श को साफ करने का किया था? क्या आप जानते हैं कि गंभीर सुरक्षा उल्लंघनों के लिए सीबीएसई द्वारा कक्षा 9-12 के लिए स्कूल की संबद्धता रद्द कर दी गई थी?’
उन्होंने कहा, ‘यदि आपने फिर भी स्कूल को सम्मानित करने का निर्णय लिया, तो आप भी कई अन्य लोगों की तरह अन्याय के भागीदार हैं।’
पुलिस ने अमायरा की मौत के मामले में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब