रोहिणी में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को तमंचा दिखाकर पांच लाख रुपये की लूट, प्राथमिकी दर्ज

रोहिणी में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को तमंचा दिखाकर पांच लाख रुपये की लूट, प्राथमिकी दर्ज

रोहिणी में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को तमंचा दिखाकर पांच लाख रुपये की लूट, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: July 11, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: July 11, 2026 10:27 pm IST

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में द्वारकाधीश अपार्टमेंट के पास एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को तमंचा दिखाकर पांच लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

केएन काटजू मार्ग थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 45 वर्षीय कर्मचारी शाहबाद दौलतपुर में कलपुर्जों के एक कारोबारी से नकदी लेकर लौट रहा था, तभी यह वारदात हुई।

तिलक नगर के रहने वाले शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में वसूली कर्मचारी के रूप में काम करता है।

प्राथमिकी के मुताबिक, ‘शुक्रवार दोपहर कंपनी ने मुझे शाहबाद दौलतपुर से पांच लाख रुपये नकदी लाने के लिए कहा था।’

पुलिस ने बताया कि कर्मचारी ने नकदी लेने के बाद एक सफेद कपड़े के थैले में रखकर कार में रख दी और रोहिणी की तरफ चल दिया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि अपराह्न करीब 2:45 बजे द्वारकाधीश अपार्टमेंट के पास एक काली महिंद्रा थार ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक किया और आगे आकर रुक गई।

पुलिस के अनुसार, थार में सवार एक बदमाश ने कथित तौर पर उस पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने जबरन कार का दरवाजा खुलवाया और पैसे निकालने के बाद आरोपी थार में बैठकर फरार हो गए।

पीड़ित कर्मचारी ने तुरंत इस घटना की जानकारी ‘फाइनेंसर’ को दी, जिसने उसे पुलिस को सूचित करने के लिए कहा।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कहा कि घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है और पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

भाषा सुमित जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में