आंध्र प्रदेश: व्यक्ति के ‘लापता’ होने के मामले में पुलिस निरीक्षक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
आंध्र प्रदेश: व्यक्ति के ‘लापता’ होने के मामले में पुलिस निरीक्षक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
विजयवाड़ा, 19 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को अपने ही एक अधिकारी, निरीक्षक नागराजू के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। यह कार्रवाई विजयवाड़ा में एक व्यक्ति के ‘लापता’ होने के मामले में की गई, जब पीड़ित की मां ने आरोप लगाया कि निरीक्षक ने हिरासत के दौरान उसके बेटे को प्रताड़ित किया और उसकी हत्या कर दी।
हाल में आंध्र प्रदेश सरकार ने 23 वर्षीय गाडे साई कृष्णा के कथित रूप से लापता होने के मामले में विजयवाड़ा के कृष्ण लंका थाने में तैनात पुलिस निरीक्षक नागराजू को निलंबित कर दिया था।
कृष्णा की मां गाडे विजया लक्ष्मी (53) ने बृहस्पतिवार शाम नागराजू के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने नागराजू पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103 (1), 127 (4) और 127 (6) के साथ-साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 238 के तहत मामला दर्ज किया।
बीएनएस की धारा 103 हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 127 गलत तरीके से बंधक बनाने से जुड़ी है। बीएनएसएस की धारा 238 आपराधिक आरोपों में ‘चूक के असर’ से संबंधित है।
लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि नागराजू ने उनके बेटे को थाने में अवैध रूप से हिरासत में रखा, उसे प्रताड़ित कर मौत के घाट उतार दिया और बाद में कोई सबूत न बचे, इसके लिए उसके शव को जला दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नागराजू ने परिवार वालों को बताए बिना ही कृष्णा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मामले की जांच के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात किया है।
विपक्षी दल युवजन श्रमिक रायतु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने बृहस्पतिवार शाम को कृष्णा के परिवार वालों से मुलाकात की और हिरासत में हुई कथित मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।
इस बीच, दलित समुदाय के एक व्यक्ति पेरुपोगु क्रांति कुमार का वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने निरीक्षक नागराजू पर कथित तौर पर परेशान और प्रताड़ित करके उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
सेल्फी वीडियो में, कुमार को 21 मई को नागराजू की प्रताड़ना के कारण ज़हर खाकर अपनी जान देते हुए देखा गया। कृष्णा के मामले में नागराजू का नाम सामने आने के बाद यह वीडियो सामने आया है।
भाषा आशीष रंजन
रंजन

Facebook


