विजयवाड़ा, 23 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक युवक की हिरासत में मौत और गुपचुप तरीके से उसकी अंत्येष्टि करने में कथित भूमिका को लेकर निलंबित पुलिस निरीक्षक एसएसएसवी नागराजू को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गाडे साईं कृष्णा के कथित तौर पर ‘‘लापता’’ होने की घटना ने पिछले कुछ दिनों में राज्य में व्यापक स्तर पर चिंता पैदा कर दी है।
युवक की मां ने विजयवाड़ा के कृष्णा लंका पुलिस थाने के तत्कालीन निरीक्षक नागराजू पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनके बेटे को प्रताड़ित करके मार डाला और फिर परिजनों को सूचित किये बिना गुपचुप तरीके से उसकी अंत्येष्टि कर दी।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हां, आरोपी (नागराजू) को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’ उन्होंने बताया कि नागराजू को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
साईं कृष्णा की मां गाडे विजया लक्ष्मी (53) की शिकायत पर पुलिस ने 19 जून को नागराजू (50) के खिलाफ ‘‘हत्या’’ का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने नागराजू पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, उनपर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 238 भी लगाई गई। यह धारा आपराधिक आरोपों में ‘त्रुटियों के प्रभाव’ से संबंधित है और यह सुनिश्चित करती है कि छोटी-मोटी तकनीकी गलतियों की वजह से मुकदमा रद्द न हो।
विजया लक्ष्मी ने नागराजू पर उनके बेटे को पुलिस थाने में बंधक बनाकर रखने, प्रताड़ित कर मार डालने और बाद में शव को जलाकर सबूत मिटा देने का आरोप लगाया है।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश