नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी स्नातक) 2026 के नतीजे घोषित किए। इसमें एक अभ्यर्थी ने चुने गए पांच में से चार विषयों में 100 परसेंटाइल हासिल किए। एजेंसी ने बताया कि कुल 22 उम्मीदवारों ने अपने चुने हुए तीन विषयों में 100 परसेंटाइल हासिल किए, जबकि 180 उम्मीदवारों ने दो विषयों में 100 परसेंटाइल हासिल किए।
उसने कहा कि कि 3,214 उम्मीदवारों ने एक विषय में 100 परसेंटाइल हासिल किए।
परसेंटाइल एक सांख्यिकीय माप है जो यह दर्शाता है कि किसी परीक्षा या मूल्यांकन में अभ्यर्थी का प्रदर्शन अन्य लोगों की तुलना में कैसा रहा है। यह अभ्यर्थी कुल अंकों (प्रतिशत) को नहीं, बल्कि यह बताता है कि कितने प्रतिशत परीक्षार्थियों ने अभ्यर्थी से कम या उसके बराबर अंक प्राप्त किए हैं।
एनटीए ने एक बयान में कहा, “सीयूईटी-स्नातक 2026 में चुने गए पांच विषयों में से चार में एक उम्मीदवार ने 100 परसेंटाइल अंक हासिल किये और परीक्षा में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।”
परीक्षा एजेंसी ने पांच विषयों में सबसे ज्यादा एनटीए स्कोर पाने वाले शीर्ष 10 अभ्यर्थियों की लैंगिक आधार पर सूची भी जारी की।
सबसे ज्यादा अंक पाने वाली छात्रा का अंक 1232.19 रहा, जो सबसे ज़्यादा अंक हासिल करने वाले छात्र अभ्यर्थी के 1230.82 से थोड़ा ज्यादा था। दूसरे और तीसरे स्थान पर छात्राओं को क्रमशः 1203.78 और 1202.15 अंक मिले, जबकि पुरुषों में यह क्रमशः 1207.21 और 1205.96 रहा।
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 15,68,867 विशिष्ट अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 11,64,098 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इस साल पंजीकृत अभ्यर्थियों में 7,94,257 छात्र, 7,74,607 छात्राएं और तीन तृतीय लिंग अभ्यर्थी थे। परीक्षा में शामिल होने वालों में 5,78,500 छात्र, 5,85,596 छात्राएं और दो तृतीय लिंग अभ्यर्थी थे।
श्रेणीवार आंकड़ों से पता चला कि परीक्षा के लिए सामान्य श्रेणी के 6,86,419, अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) के 5,28,838, अनुसूचित जाति (एससी) के 1,71,397, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 95,464 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 86,749 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
एजेंसी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “एनटीए ने 15,68,867 पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रारूप में सीयूईटी (स्नातक)2026 का आयोजिन किया।”
एजेंसी ने बताया कि सीयूईटी(स्नातक) 2026 का आयोजन 321 परीक्षा शहरों में किया गया, जिनमें भारत के बाहर के 13 शहर भी शामिल थे। इसमें उम्मीदवारों के लिए 37 विषय उपलब्ध थे, जिनमें 13 भाषाएं, 23 विशिष्ट विषय और एक सामान्य योग्यता परीक्षा शामिल थे।
उसने बताया कि एक छात्र अधिकतम पांच विषयों का चयन कर सकता था।
अकादमिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए परीक्षा सीबीटी प्रारूप में 11 मई से 31 मई और छह जून से सात जून तक आयोजित की गई थी।
एजेंसी ने कहा, “नतीजा विषय विशेषज्ञों द्वारा जांची गई अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किया गया है।”
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपने आवेदन क्रमांक और पासवर्ड का इस्तेमाल करके अपना नतीजा देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने कहा, “छात्र अपने विवरण का इस्तेमाल करके आधिकारिक सीयूईटी वेबसाइट पर लॉगइन करके अपना अंक देख सकते हैं।”
सीयूईटी (स्नातक) एनटीए द्वारा केंद्रीय, राज्य और चुनिंदा निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक डिग्री कार्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली एक मानकीकृत राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव