एसबीआई के 2,929 करोड़ रुपये के ‘धोखाधड़ी’ मामले में सीबीआई ने अनिल अंबानी से आठ घंटे पूछताछ की

Ads

एसबीआई के 2,929 करोड़ रुपये के ‘धोखाधड़ी’ मामले में सीबीआई ने अनिल अंबानी से आठ घंटे पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 07:21 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 07:21 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उद्योगपति अनिल अंबानी से रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उनके खिलाफ भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शिकायत पर दर्ज 2,929 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में बृहस्पतिवार को करीब आठ घंटे पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई के कई मामलों का सामना कर रहे अंबानी को पूछताछ के लिए शु्क्रवार को फिर से बुलाया गया है।

अंबानी सुबह करीब 10:15 बजे एजेंसी मुख्यालय पहुंचे और औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद उन्हें जांच दल के पास ले जाया गया। वह शाम करीब 6:15 बजे एजेंसी मुख्यालय से बाहर आए।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘21 अगस्त 2025 को रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खिलाफ 2929.05 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई द्वारा दर्ज मामले के सिलसिले में, जिसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, अनिल अंबानी और अज्ञात लोक सेवकों सहित अन्य अज्ञात लोग आरोपी हैं, सीबीआई ने आज दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में अंबानी को पूछताछ के लिए बुलाया था।’’

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आरोपी अनिल अंबानी आज जांच अधिकारी के समक्ष पेश हुए और उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई। आगे की पूछताछ के लिए आरोपी को कल (शुक्रवार) भी जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है।’’

बयान के अनुसार, एजेंसी ने अंबानी से कंपनी में निर्णय लेने की प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की, जिसमें उनके और अधिकारियों के बीच ईमेल के जरिये हुए कई पत्राचार भी सामने आए।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने बैंक द्वारा कंपनी को दिए गए ऋण में कथित तौर पर धन के हेरफेर अन्य अनियमितताओं के संबंध में भी उनसे जवाब मांगा है।

वहीं, अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘अनिल अंबानी 19 और 20 मार्च 2026 को दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश होंगे, जहां एसबीआई द्वारा रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के संबंध में की गई शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी।’’

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अंबानी का यहां पेश होना इस मामले में सभी एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने एसबीआई के साथ कथित रूप से 2,929.05 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में अंबानी के खिलाफ पिछले साल अगस्त में मामला दर्ज किया था।

एसबीआई की शिकायत अब प्राथमिकी का हिस्सा है।

शिकायत के अनुसार, कंपनी पर विभिन्न ऋणदाताओं का 40,000 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है और एसबीआई को 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ये आंकड़े 2018 के हैं।

सीबीआई ने अंबानी और आरकॉम के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया था।

सीबीआई के प्रवक्ता ने पिछले साल अगस्त में बयान में कहा था, ‘‘आरोप है कि आरोपी व्यक्तियों ने आपराधिक साजिश के तहत गलत जानकारी प्रस्तुत कर भारतीय स्टेट बैंक से रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड के पक्ष में ऋण सुविधाएं स्वीकृत कराईं।’’

अंबानी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अनिल अंबानी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। वह कानूनन अपना बचाव करेंगे।’’

सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने मुंबई के कफ परेड स्थित अंबानी के आवास ‘सी विंड’ की भी तलाशी ली थी।

अंबानी के प्रवक्ता ने बताया कि एसबीआई द्वारा दायर शिकायत 10 वर्ष से अधिक पुराने मामलों से संबंधित है।

बयान में कहा गया कि उस अवधि के दौरान वह कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक थे और दैनिक प्रबंधन में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

इसमें कहा गया है, ‘‘यह मामला पिछले छह वर्षों से राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) और उच्चतम न्यायालय सहित अन्य न्यायिक मंचों के समक्ष विचाराधीन है।’’

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश