भारत-ब्रिटेन एफटीए मई की शुरुआत तक लागू होने की संभावना : अधिकारी

Ads

भारत-ब्रिटेन एफटीए मई की शुरुआत तक लागू होने की संभावना : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 09:07 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारत और ब्रिटेन के बीच पिछले साल जुलाई में हस्ताक्षरित हुआ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) मई की शुरुआत तक लागू होने की संभावना है, क्योंकि दोनों पक्ष ‘‘कुछ मुद्दों को सुलझाने में लगे हैं।’’ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यूरोपीय संघ (ईयू) ने भारत के साथ व्यापार समझौते की पुष्टि के लिए नवंबर का समय बताया है, और इसके इसी साल लागू होने की उम्मीद है।

हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि इज़राइल और छह-सदस्यीय खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) – जिसमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं – के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत, इस क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण धीमी हो गई है।

अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर, अधिकारियों ने कहा कि व्यापार समझौते की प्रक्रिया ‘जारी है,’’ हालांकि, ‘‘कोई भी व्यापार समझौता प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले पसंदीदा बाजार पहुंच पर आधारित होता है। अगर हमें वह मिल जाता है, तो व्यापार समझौता हो जाएगा।’’

इस साल 27 जनवरी को, भारत और ईयू ने मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत पूरी होने की घोषणा की।

भारत और ब्रिटेन ने पिछले साल 24 जुलाई को व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात ब्रिटिश बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश करेगा, जबकि भारत में ब्रिटिश उत्पादों, जैसे कार और व्हिस्की पर शुल्क कम किए जाएंगे।

इस समझौते के लागू होने से पहले ब्रिटेन की संसद से मंज़ूरी की ज़रूरत है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय