नेपाल के निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रपति पौडेल को आम चुनाव के अंतिम परिणाम प्रस्तुत किये

Ads

नेपाल के निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रपति पौडेल को आम चुनाव के अंतिम परिणाम प्रस्तुत किये

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 09:28 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 19 मार्च (भाषा) नेपाल के निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को आम चुनाव के अंतिम परिणाम प्रस्तुत किए, जिससे चुनाव प्रक्रिया का औपचारिक रूप से समापन हो गया।

प्रतिनिधि सभा के चुनाव पांच मार्च, 2026 को हुए, जिसमें 275 सदस्यीय निचले सदन (प्रतिनिधि सभा) के लिए मतदान हुआ।

प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों में से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान द्वारा और 110 सदस्य आनुपातिक मतदान द्वारा चुने जाते हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति पौडेल को परिणाम प्रस्तुत किए।

राष्ट्रपति पौडेल ने चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ‘‘कठिन और जटिल परिस्थितियों’’ के बावजूद इन्हें समर्पण और ईमानदारी के साथ संपन्न कराया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में पांच मार्च को प्रतिनिधि सभा के चुनाव कराकर आयोग ने अपने संवैधानिक दायित्व को सफलतापूर्वक पूरा किया है।’’

निचले सदन में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को 182 सीट, नेपाली कांग्रेस को 38 सीट, सीपीएन-यूएमएल को 25, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 17, श्रम संस्कृति पार्टी को सात और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को पांच सीट मिली हैं।

आरएसपी ने साधारण बहुमत यानी 138 सीटों से अधिक सीटें हासिल कर ली हैं। पार्टी को दो-तिहाई बहुमत से के लिए केवल दो सीटों की जरूरत है।

चूंकि आरएसपी पहले ही बहुमत सीटें हासिल कर चुकी है, इसलिए राष्ट्रपति संभवतः आरएसपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेंद्र शाह को संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के तहत सरकार बनाने के लिए कहेंगे।

पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान बालेंद्र शाह को अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। शाह यहां बालेन के नाम से जाने जाते हैं।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव