प. बंगाल में ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरु; पहले चरण में 28.25 लाख महिलाओं को हर माह 3,000 रुपये मिलेंगे
प. बंगाल में ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरु; पहले चरण में 28.25 लाख महिलाओं को हर माह 3,000 रुपये मिलेंगे
कोलकाता, तीन जून (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत की और घोषणा की कि पहले चरण में 28.25 लाख लाभार्थियों को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता मिलेगी।
योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पिछले तीन दिन में राज्य अधिकारियों, जिला प्रशासनों, खंड विकास कार्यालयों, नगर निकायों, जनप्रतिनिधियों और जनभागीदारी के समन्वित प्रयास से संबंधित पोर्टल पर 28,25,769 सत्यापित लाभार्थियों का नामांकन किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता से ही 3,000 रुपये की सहायता राशि देने का वादा पूरा किया गया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आवेदन स्वीकार किए जाते रहेंगे और अगले तीन महीनों में सत्यापन के बाद सभी पात्र लाभार्थियों को योजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे फॉर्म मिलते जाएंगे, उनका सत्यापन किया जाएगा तथा 3,000 रुपये लाभार्थियों के खातों में अंतरित किए जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि हर पात्र महिला को यह लाभ मिले।’’
शुभेंदु ने कहा कि सरकार हर सात दिन में सत्यापित लाभार्थियों की संख्या और नए नामांकनों की नियमित जानकारी साझा करेगी।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


