हरियाणा में आतंकवाद-रोधी दस्ता गठित, पंचकूला और गुरुग्राम में होंगे विशेष थाने
हरियाणा में आतंकवाद-रोधी दस्ता गठित, पंचकूला और गुरुग्राम में होंगे विशेष थाने
चंडीगढ़, 11 जून (भाषा) हरियाणा सरकार ने आतंकवाद से जुड़े मामलों से निपटने के लिए अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के भीतर एक विशेष इकाई के रूप में आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) का गठन किया है।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, एटीएस का उद्देश्य पुलिस सेवा की कार्यकुशलता बढ़ाना और आतंकवाद से जुड़े मामलों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है।
एटीएस का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) या उससे ऊपर के दर्जे का कोई अधिकारी करेगा, जो सीआईडी प्रमुख के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को रिपोर्ट करेगा।
गृह विभाग द्वारा 10 जून को जारी अधिसूचना के अनुसार, एटीएस का मुख्यालय पंचकूला में स्थापित किया गया है।
दस्ते के तहत दो विशेष एटीएस थाने बनाए गए हैं, जो पंचकूला और गुरुग्राम में संचालित होंगे। ये थाने राज्य में आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करेंगे।
पंचकूला एटीएस थाने का अधिकार क्षेत्र पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कैथल, हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी तक होगा।
वहीं, गुरुग्राम एटीएस थाने का अधिकार क्षेत्र सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों तक रहेगा।
पिछले महीने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा था कि राज्य में एटीएस जून से काम शुरू कर सकता है।
इससे पहले मार्च में बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की थी कि आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के लिए एटीएस का गठन किया जाएगा।
यह घोषणा पिछले वर्ष फरीदाबाद में एक कथित ‘व्हाइट कॉलर’ आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद की गई थी।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


