अन्नाद्रमुक में सेंध लगाने की कोशिश की तो ‘राजनीतिक परिणाम’ भुगतने होंगे: आर बी उदयकुमार

Ads

अन्नाद्रमुक में सेंध लगाने की कोशिश की तो ‘राजनीतिक परिणाम’ भुगतने होंगे: आर बी उदयकुमार

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 03:02 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 03:02 PM IST

मदुरै, 29 मई (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नेता आर बी उदयकुमार ने शुक्रवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेता आधव अर्जुन के उस दावे को खारिज कर दिया कि द्रविड़ पार्टी के 90 प्रतिशत कार्यकर्ता विजय के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

उदयकुमार ने चेतावनी दी कि अगर अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ताओं को तोड़ने की कोशिश जारी रही तो इसके गंभीर ‘‘राजनीतिक परिणाम’’ होंगे।

उदयकुमार ने कहा, ‘‘मैं आपको (अर्जुन) यह अंतिम चेतावनी देता हूं। यदि आप हमारे लोगों को अपने पाले में करने का काम और सत्ता देने का यह नाटक जारी रखते हैं तो आपको गंभीर राजनीतिक परिणामों और भारी राजनीतिक विरोध का सामना करना पड़ेगा।’’

अर्जुन को बिना किसी स्थिर वैचारिक आधार के ‘‘हाल में राजनीति में आया व्यक्ति’’ बताते हुए पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि टीवीके बड़ी आक्रामकता से धन बल और प्रशासनिक प्रलोभनों से विश्वासपात्र विपक्षी कार्यकर्ताओं को खरीदने की कोशिश कर रही है।

चुनावी गणित पर प्रकाश डालते हुए उदयकुमार ने बताया कि तमिलनाडु की कुल मतदाता आबादी में से 68.5 प्रतिशत ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के खिलाफ मतदान किया।

उन्होंने टीवीके की आलोचना करते हुए कहा कि उसने अन्ना द्रमुक के खिलाफ ‘‘निराशा की मरीचिका’’ (भ्रम) पैदा की है, जबकि वास्तविकता यह है कि टीवीके ने केवल सत्ता-विरोधी भावना का 34.5 प्रतिशत हिस्सा ही हासिल किया है, जो पूर्ण अधिकार या राज्य शासन का दावा करने के लिए किसी भी तरह से जनादेश के करीब नहीं है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना