श्रीनगर, 29 मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की पुन: परीक्षा को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए प्रश्नपत्रों को ले जाने में वायु सेना के विमानों के उपयोग की संभावना तलाशना केंद्र सरकार की ‘‘अक्षमता और अयोग्यता’’ को दर्शाता है।
इल्तिजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अब वायुसेना के विमान नीट के प्रश्नपत्र ले जाएंगे। जरा सोचिए भ्रष्टाचार, अक्षमता और नाकाबिलियत किस स्तर तक पहुंच चुकी है। लेकिन जब तक मुसलमान भीड़ हिंसा का निशाना, सुर्खियों का जरिया और नफरत भड़काने का साधन बनते रहेंगे, तब तक आम जनता खुश रहेगी!’’
बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में वायु सेना के विमानों द्वारा नीट परीक्षा के प्रश्नपत्रों को पहुंचाने के विकल्प पर विचार किया गया। इस बैठक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित थे।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार, अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और इस विकल्प को अंतिम विचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष रखा जाएगा।
भाषा
सुरभि दिलीप
दिलीप