सेना निर्णायक जमीनी कार्रवाई के लिए तैयार, परमाणु खतरे से नहीं डरेगी: पश्चिमी सेना के कमांडर

सेना निर्णायक जमीनी कार्रवाई के लिए तैयार, परमाणु खतरे से नहीं डरेगी: पश्चिमी सेना के कमांडर

सेना निर्णायक जमीनी कार्रवाई के लिए तैयार, परमाणु खतरे से नहीं डरेगी: पश्चिमी सेना के कमांडर
Modified Date: February 26, 2026 / 05:24 pm IST
Published Date: February 26, 2026 5:24 pm IST

पठानकोट, 26 फरवरी (भाषा) पश्चिमी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने बृहस्पतिवार को कहा कि सेना भविष्य की किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है और परमाणु धमकियों से नहीं डरेगी।

सैन्य अधिकारी ने जोर देकर कहा कि भविष्य में होने वाले किसी भी संघर्ष का निर्णायक परिणाम जमीन पर ही निकलेगा।

लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान ने परमाणु धमकियां देते हुए लगातार युद्धविराम की मांग की।

पश्चिमी कमान के प्रमुख ने कहा, “उन्होंने (पाकिस्तानी सेना ने) कहा था कि अगर वे हारे, तो वे आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हमने उनकी परमाणु धमकियों को नजरअंदाज कर दिया। इस बार, हम पहले की तुलना में बेहतर तरीके से तैयार हैं और हमारे पास भविष्य की एक स्पष्ट योजना है।”

उन्होंने यहां मामून सैन्य अड्डे के ध्यान सिंह स्टेडियम में अलंकरण समारोह के बाद सैनिकों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

कटियार ने पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व पर आरोप लगाया कि वह अपनी जनता के बीच प्रासंगिक बने रहने के लिए भारत के साथ ‘युद्ध जैसी स्थिति’ को बढ़ावा दे रहा है।

उन्होंने कहा, “जहां हमारा नेतृत्व देश व जनता की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं उनका (पाकिस्तान का) नेतृत्व और सेना के जनरल केवल स्वार्थी उद्देश्यों से प्रेरित हैं, जिसमें सत्ता बरकरार रखना और प्रासंगिक बने रहना शामिल है। इसी उद्देश्य से वे भारत के साथ युद्ध जैसी स्थिति को लंबा खींच रहे हैं।”

पश्चिमी सेना के कमांडर ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान में न तो भारत से युद्ध में भिड़ने का साहस है और न ही ताकत इसलिए वह प्रतिक्रिया को उकसाने के लिए परोक्ष युद्ध का सहारा ले रहा है।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान ने अपने आतंकवादी संगठनों के माध्यम से बार-बार भारत को उकसाया है ताकि जब हम जवाबी कार्रवाई करें, तो स्थिति युद्ध जैसी हो जाए और उन्हें अपनी जनता का समर्थन प्राप्त हो जाए।”

लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने जम्मू-कश्मीर में उग्रवाद के संकेतकों में लगातार गिरावट और स्थिति बिल्कुल सामान्य होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि सेना आतंकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और उनसे निपटने के लिए उचित योजनाएं बनाई जा रही हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने यहां पत्रकारों से कहा, “जैसा कि आपने देखा है, जम्मू-कश्मीर में उग्रवाद के सभी मापदंडों में लगातार गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर में स्थिति बिल्कुल सामान्य हो गई है। हालांकि, जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, यह पाकिस्तान द्वारा कुछ आतंकवादियों को भेजकर माहौल बिगाड़ने की एक सुनियोजित साजिश है। हमारी सेना और नागरिक प्रशासन के सभी विभाग इससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

कमांडर ने कठुआ-किश्तवाड़ क्षेत्र में आतंकी मुठभेड़ों से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में कहा, “हमें जहां भी सूचना मिलती है, हम तुरंत कार्रवाई करते हैं। जैसा कि आपने इस वर्ष कई सफल अभियानों में देखा है, हमने उन आतंकवादियों को मार गिराया, जो हमारे देश में अशांति फैलाने आए थे।”

उन्होंने पाकिस्तान में आतंकी लॉन्च पैड और आतंकी शिविरों के पुनरुद्धार से संबंधित एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा, “हम उन पर नजर रख रहे हैं। हमें वहां हो रही गतिविधियों की पूरी जानकारी है। अगर वे अपने आतंकी ठिकानों को फिर से बनाने या फिर से संगठित करने का प्रयास कर रहे हैं, तो हमारे पास इसकी जानकारी है। हम उसी के अनुसार अपनी योजनाएं बनाएंगे।”

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में