भूस्खलन के बाद केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फंसे करीब 1,500 श्रद्धालुओं को निकाला गया

Ads

भूस्खलन के बाद केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फंसे करीब 1,500 श्रद्धालुओं को निकाला गया

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 12:27 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 12:27 PM IST

उत्तरकाशी, 28 सितंबर (भाषा) केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चिरबासा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण फंसे करीब 1,500 श्रद्धालुओं को सोमवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने एक बयान में बताया कि रविवार देर रात फंसे करीब 1,500 श्रद्धालुओं को एसडीआरएफ, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और जिला आपदा मोचन बल (डीडीआरएफ) की संयुक्त टीमों ने सुरक्षित बचाया और उन्हें गौरीकुंड पहुंचाया।

बयान के अनुसार, सोनप्रयाग पुलिस को सूचना मिली थी कि गौरीकुंड से करीब तीन किलोमीटर दूर चिरबासा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कई श्रद्धालु फंस गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में सोनप्रयाग से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि भूस्खलन के कारण चिरबासा हेलीपैड के पास सड़क पर मलबा जमा हो गया था।

उन्होंने बताया कि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण हो गई थी। स्थिति का आकलन करने के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया।

बयान में कहा गया कि बचाव दलों ने सावधानीपूर्वक श्रद्धालुओं को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से पार कराया और उन्हें सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाने के बाद गौरीकुंड के लिए रवाना किया।

अधिकारियों ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण उत्तराखंड में चारधाम यात्रा रविवार को लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रही।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव