बेंगलुरु में एआई कैमरे ने गिटार को पीछे बैठी सवारी समझा, व्यक्ति का चालान कटा

Ads

बेंगलुरु में एआई कैमरे ने गिटार को पीछे बैठी सवारी समझा, व्यक्ति का चालान कटा

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 12:50 PM IST

बेंगलुरु, 28 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन पर अकेले सवारी करने के बावजूद यातायात चालान जारी कर दिया गया। कथित तौर पर एआई आधारित कैमरे ने उसकी पीठ पर टंगे गिटार को बिना हेलमेट पहने पीछे बैठी सवारी समझ लिया।

सौविक दत्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कैमरे द्वारा खींची गई तस्वीर साझा की है, जिसमें वह हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाते हुए और पीठ पर गिटार टांगे नजर आ रहे हैं।

यह घटना 15 सितंबर, 2026 की है। इसके बाद उनकी पत्नी के नाम 500 रुपये का चालान जारी किया गया, जिसमें पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने का उल्लेख था।

दत्ता ने बेंगलुरु यातायात पुलिस को टैग करते हुए एआई आधारित यातायात उल्लंघन पहचान प्रणाली की कथित त्रुटि की ओर ध्यान दिलाया और जुर्माना रद्द करने का अनुरोध किया।

दत्ता ने 26 सितंबर को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह बेंगलुरु में अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन को अकेले चला रहे थे और उनकी पीठ पर गिटार टंगा हुआ था। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को ‘पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने’ को लेकर यातायात चालान (नोटिस संख्या 86202541) जारी किया गया। उन्होंने एआई आधारित यातायात उल्लंघन पहचान प्रणाली पर सवाल उठाते हुए चालान रद्द करने का अनुरोध किया।

बेंगलुरु यातायात पुलिस ने उनकी पोस्ट का जवाब देते हुए उनसे उल्लंघन में सुधार के लिए ई-मेल करने या संबंधित नंबरों पर संपर्क करने को कहा।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव