अरुणाचल: राजधानी में आधी रात को लगी आग में आठ घर जलकर खाक

अरुणाचल: राजधानी में आधी रात को लगी आग में आठ घर जलकर खाक

अरुणाचल: राजधानी में आधी रात को लगी आग में आठ घर जलकर खाक
Modified Date: July 2, 2026 / 04:07 pm IST
Published Date: July 2, 2026 4:07 pm IST

ईटानगर, दो जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में बुधवार देर रात आग लगने से आठ मकान जलकर नष्ट हो गए और कई परिवार बेघर हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आग का कारण संभवत: शॉर्ट सर्किट है।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन पप्पू नाला क्षेत्र में मकान जल गए तथा लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस के अनुसार, आग पुरोइक कॉलोनी में रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर लगी, जिसके बाद मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां और 11 दमकल कर्मियों को तैनात किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तीन घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया और आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आग एक मकान में शॉर्ट सर्किट से लगी। उन्होंने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर पहली दमकल गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई थी, जबकि बाद में दो अन्य गाड़ियां भेजी गईं।

बाद में ईटानगर के विधायक टेची कासो ने जिला प्रशासन के अधिकारियों और वार्ड संख्या 13 के पार्षद के साथ आग से प्रभावित इलाके का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।

प्रभावित परिवारों और किरायेदारों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि विधायक ने जिला प्रशासन को नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया, ताकि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में