अरुणाचल पुलिस ने मानव तस्करी मामले का भंडाफोड़ किया, 38 लोगों को बचाया
अरुणाचल पुलिस ने मानव तस्करी मामले का भंडाफोड़ किया, 38 लोगों को बचाया
ईटानगर, छह सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 34 बच्चों समेत 38 लोगों को बचाया है और मानव तस्करी में कथित तौर पर शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को अरुणाचल प्रदेश के आलो, मेचुका, पासीघाट, नाहरलागुन, ईटानगर और लोंगडिंग क्षेत्रों के अलावा असम से भी बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने नामसाई थाने में मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच नामसाई के पुलिस उपाधीक्षक केंगो दिरची कर रहे हैं। यह जांच पुलिस अधीक्षक सांगे थिनले की निगरानी में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), नामसाई के समन्वय से की जा रही है।
एक प्रेस बयान में थिनले ने कहा कि पुलिस ने अब तक चार मददगारों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से हालिया गिरफ्तारी रूपाली पडुंग की है। पीड़ितों को लाने-ले जाने और उन्हें गैर-कानूनी तरीके से काम पर लगाने में उसकी कथित भूमिका की अभी कानूनी जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


