अरुणाचल: डाकघर में काम करने वाली महिला 39 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार
अरुणाचल: डाकघर में काम करने वाली महिला 39 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार
ईटानगर, 17 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले के एक डाकघर में काम करने वाली महिला को 39.25 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
तवांग के पुलिस अधीक्षक तासी दरांग ने बताया कि डाक विभाग की शिकायत पर तवांग डाकघर में बहु उद्देशीय कर्मचारी (एमटीएस) के रूप में कार्यरत आरोपी महिला को 14 सितंबर को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बोमडिला डाक उपमंडल के डाक निरीक्षक एच. निलामई सिंह ने 13 सितंबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सात सितंबर को तवांग डाकघर में की गई वित्तीय जांच में लेखा संबंधी कई बड़ी अनियमितताएं सामने आईं।
शिकायत में बताया गया कि जांच के दौरान पता चला कि महिला 10 सितंबर तक कुल 39.25 लाख रुपये का हिसाब देने में विफल रही।
सिंह ने शिकायत में कहा, “इसमें एक जनवरी 2023 से 31 मई 2024 के बीच डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के प्रीमियम के रूप में जमा किए गए 34.49 लाख रुपये शामिल हैं। यह राशि न तो आधिकारिक खातों में जमा की गई और न ही बार-बार याद दिलाने के बावजूद पेश की गई।”
उन्होंने दावा किया कि काउंटर पर जमा 4.75 लाख रुपये की ऐसी नकदी भी गायब मिली, जिसे जमा नहीं कराया गया था।
शिकायतकर्ता ने कहा, “डाक अधिकारियों की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने राशि के गबन की बात स्वीकार की और लिखित रूप से यह बयान दिया कि उसने सरकारी धन का गबन किया है।”
शिकायत के आधार पर तवांग थाने में मामला दर्ज कर जांच थाना प्रभारी एन. अंगू को सौंपी गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया, “सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


