अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ‘ऑप अरुणोदय’ ट्रेकिंग अभियान को हरी झंडी दिखाई

Ads

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ‘ऑप अरुणोदय’ ट्रेकिंग अभियान को हरी झंडी दिखाई

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 03:56 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 03:56 PM IST

(फाइल फोटो सहित)

ईटानगर, 29 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को तवांग जिले में ऐतिहासिक जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक से संयुक्त सैन्य-नागरिक ट्रेकिंग अभियान ‘ऑप अरुणोदय’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जानकारी एक रक्षा प्रवक्ता ने दी।

यह पहल भारतीय सेना की गजराज कोर और ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स’ (निमास) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है।

इसका उद्देश्य थिंगबू और बजरंग चोटी (प्वाइंट 5583) के बीच एक नए ट्रेकिंग मार्ग का विकास और उद्घाटन करना है।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) लेफ्टिनेंट कर्नल अतुल श्रीधरन ने कहा कि अपनी तरह की यह पहली पहल साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने, सैन्य-नागरिक सहयोग को मजबूत करने और सीमावर्ती क्षेत्रों के स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के स्थायी अवसर पैदा करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

टीम को रवाना करने से पहले जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक में एक श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जहां कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

टीम को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री खांडू ने अभियान में शामिल सदस्यों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की।

लेफ्टिनेंट कर्नल अतुल श्रीधरन ने कहा कि ‘ऑप अरुणोदय’ राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने, संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने और समग्र विकास को समर्थन देने के लिए निमास तथा राज्य सरकार की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

भाषा आशीष संतोष

संतोष