Arvind Kejriwal News / Image Source : FILE
नई दिल्ली : Arvind Kejriwal News दिल्ली के कथित शराब घोटाले में एक बड़ा कानूनी मोड़ सामने आया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और इस मामले के अन्य पूर्व आरोपियों ने दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच के समक्ष एक ‘रिक्यूज़ल एप्लिकेशन’ (Recusal Application) दायर की है। इस आवेदन के जरिए केजरीवाल ने मांग की है कि जस्टिस शर्मा इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लें। केजरीवाल इस मामले में कल खुद अदालत में अपनी दलीलें रखेंगे।
अरविंद केजरीवाल की ओर से यह आवेदन सीबीआई (CBI) की उस याचिका के जवाब में आया है, जिसमें जांच एजेंसी ने ट्रायल कोर्ट द्वारा केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य को इस मामले में आरोपमुक्त करने के आदेश को चुनौती दी है। दरअसल केजरीवाल ने जस्टिस शर्मा के पहले के कुछ फैसलों और टिप्पणियों का हवाला देते हुए निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने इस मामले को दूसरी बेंच में ट्रांसफर करने के प्रशासनिक अनुरोध को खारिज कर दिया था, जिसके बाद अब सीधे संबंधित जज के सामने यह आवेदन लगाया गया है। कल यानी सोमवार को होने वाली इस सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि केजरीवाल खुद वकील की भूमिका में नजर आएंगे।
रिक्यूज़ल एप्लिकेशन उस आवेदन को कहते हैं जब किसी मामले को लेकर जज से अनुरोध किया जाता है कि वह किसी केस की सुनवाई से खुद को अलग कर लें। ऐसा तब होता है, जब किसी पक्ष को लगता है कि जज निष्पक्ष सुनवाई नहीं करेंगे या कर पाएंगे। इसके पीछे मुख्य रूप से कई कारण होते है जैसे जज का मामले से कोई व्यक्तिगत जुड़ाव हो, जज का मामले से कोई पेशेवर (Professional) जुड़ाव हो, जज का मामले से पहले का कोई जुड़ाव रहा हो, या किसी अन्य ठोस कारण से पक्षपात की आशंका हो।ऐसी स्थितियों में, न्याय की निष्पक्षता और अदालत की गरिमा बनाए रखने के लिए संबंधित पक्ष अदालत में Recusal Application दाखिल करते हैं।