तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के आदेश के अनुसार 717 शराब दुकानें तुरंत बंद की जाएं: पीएमके

Ads

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के आदेश के अनुसार 717 शराब दुकानें तुरंत बंद की जाएं: पीएमके

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 12:44 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 12:44 PM IST

चेन्नई, 23 मई (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदास ने शनिवार को प्राधिकारियों से आग्रह किया कि राज्यभर में 717 शराब दुकानें बंद करने के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के आदेश को तत्काल लागू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने 10 मई को पदभार संभालने के बाद राज्य के स्वामित्व वाले तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टास्मैक) की कुल 717 शराब दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश जारी किया था।

रामदास ने यहां एक बयान जारी कर कहा, ‘‘717 शराब दुकानों की सूची में से केवल 150 दुकानें बंद की गई हैं और संबंधित प्राधिकारियों ने बाकी दुकानों को बंद करने का काम रोक दिया है, जो निराशाजनक है।’’

उन्होंने कहा कि यह आदेश सीधे मुख्यमंत्री की ओर से आया है और दुकानों को बंद करने की प्रक्रिया रोकने या इसमें देरी करने का कोई औचित्य नहीं है।

पीएमके नेता ने कहा, ‘‘दुकानें बंद करने का आदेश लोकतांत्रिक रूप से चुने गए सरकार के प्रमुख ने दिया है, इसलिए अधिकारियों को अस्पष्ट कारणों से इसमें देरी करने के बजाय आदेश का पालन करना चाहिए।’’

रामदास ने आरोप लगाया कि “शराब लॉबी” 717 दुकानों को बंद करने के सरकार के फैसले का विरोध करने के लिए अपना पूरा प्रभाव इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा, “उस लॉबी के दबाव में दुकानों को बंद किए जाने पर रोक लगाने के अनुरोध वाली याचिका मद्रास उच्च न्यायालय में दायर की गई थी।”

रामदास ने कहा कि अदालत ने हालांकि, याचिका खारिज कर दी और सरकार के फैसले की सराहना की।

भाषा

सिम्मी सुरभि

सुरभि