पुलिस ने अभी तक बयान दर्ज करने के लिए मुझसे संपर्क नहीं किया है: त्विषा शर्मा की सास

Ads

पुलिस ने अभी तक बयान दर्ज करने के लिए मुझसे संपर्क नहीं किया है: त्विषा शर्मा की सास

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 01:08 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 01:08 PM IST

भोपाल, 23 मई (भाषा) त्विषा शर्मा की मौत मामले में उसकी सास एवं पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने शनिवार को कहा कि वह इस प्रकरण में अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं, लेकिन भोपाल पुलिस ने उनसे संपर्क नहीं किया है।

घर के बाहर मौजूद ‘‘भीड़’’ का हवाला देते हुए सिंह ने कहा कि वह अपने आवास से बाहर नहीं निकल पा रही हैं।

त्विषा के कथित दहेज हत्या मामले में जमानत पर बाहर भोपाल जिला उपभोक्ता अदालत की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं अपने घर से बाहर नहीं निकल सकती। कल उन्होंने मेरे वकील को कार से लगभग कुचल ही दिया था। इसलिए, मैं बिल्कुल भी बाहर नहीं निकल सकती।’’

गिरिबाला सिंह ने अपने घर के बाहर भारी संख्या में मौजूद मीडियाकर्मियों की जमघट का उल्लेख किया और कहा कि उनके यहां आने-जाने वालों को इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मीडियाकर्मियों की भीड़ के बीच शुक्रवार को गिरिबाला सिंह की कार का एक पहिया कथित रूप से उनके एक वकील के पैर पर चढ़ गया था।

पूर्व न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैं उनसे (पुलिस से) संपर्क करने का प्रयास कर रही हूं और मैंने पुलिस आयुक्त को एक ईमेल भी भेजा है। हमने बयान दर्ज कराने के लिए ही संपर्क किया है। लेकिन उन्होंने अभी तक कोई संपर्क नहीं किया। उन्होंने कहा है कि वे आएंगे।’’

दो दिन पहले भोपाल पुलिस ने गिरिबाला सिंह को बयान दर्ज कराने के लिए तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया था।

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने भोपाल की एक अदालत द्वारा दी गई अग्रिम जमानत को रद्द करने संबंधी याचिकाओं पर शुक्रवार को सेवानिवृत्त न्यायाधीश को नोटिस जारी किया था।

एक याचिका त्विषा शर्मा के परिवार ने और दूसरी मध्यप्रदेश सरकार ने दायर की थी।

राज्य सरकार ने सबूतों के साथ छेड़छाड़ की आशंका और मामले में जांचकर्ताओं के साथ सहयोग नहीं करने की दलील देते हुए अदालत से गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की अपील की है।

कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, महिलाओं और नाबालिगों के बयान पुलिस उनके घरों पर दर्ज कर सकती है।

इससे पहले पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम जल्द से जल्द उनका बयान दर्ज करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जबलपुर में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में सुनवाई के कारण अधिकारी व्यस्त थे।

त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गईं थीं। उसके परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया, जबकि सिंह परिवार ने दावा किया कि वह मादक पदार्थ की आदी थी।

पुलिस ने त्विषा के आरोपी पति समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और शनिवार को उसे अदालत में पेश करेगी।

भाषा ब्रजेन्द्र

खारी

खारी