असम: पिता पर बलात्कार का आरोप लगाने के बाद 13 वर्षीय एक किशोरी ने की खुदकुशी

असम: पिता पर बलात्कार का आरोप लगाने के बाद 13 वर्षीय एक किशोरी ने की खुदकुशी

असम: पिता पर बलात्कार का आरोप लगाने के बाद 13 वर्षीय एक किशोरी ने की खुदकुशी
Modified Date: April 16, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: April 16, 2026 10:24 pm IST

रंगिया (असम), 16 अप्रैल (भाषा) असम के कामरूप जिले में 13 साल की एक किशोरी ने अपने पिता पर बलात्कार का आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सातवीं कक्षा की यह छात्रा यहां एक किराये के मकान में फांसी पर लटकी मिली।

अधिकारी ने बताया कि उसने एक कथित सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी इस स्थिति के लिए पिता को जिम्मेदार ठहराया है।

रंगिया थाना के प्रभारी प्रेमांकुर हजारिका ने बताया कि आरोपी पिता फिलहाल फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘लड़की रंगिया में अपने भाई और मां के साथ रहती थी। उसकी मां घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है, जबकि पिता कुमारीकाटा स्थित एक मोटर गैरेज में काम करता है। यह परिवार तामुलपुर जिले के तरुणगांव का रहने वाला है।’’

पुलिस के अनुसार, रोंगाली बिहू उत्सव के लिए पिता अपनी बेटी को गांव स्थित घर ले गया था, जहां मंगलवार को उसने कथित तौर पर किशोरी के साथ बलात्कार किया।

हजारिका ने बताया,‘‘लड़की अगले दिन रंगिया वापस आई और अपनी मां को आपबीती सुनाई। उसने यह भी आरोप लगाया कि पिता पहले भी उसका यौन शोषण करता रहा है।’’

पुलिस ने बताया कि बुधवार को जब घर पर कोई नहीं था, तब किशोरी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘लड़की ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने अपनी पीड़ा बयां करते हुए पिता को दोषी ठहराया है। मां ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।’’

भाषा सुमित राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में