गुवाहाटी, 25 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राज्य में 12 विशेषीकृत केंद्रों के नेटवर्क वाले ‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’ ने करीब चार वर्षों में करीब 15 लाख मरीजों को परामर्श, जांच, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और सर्जरी जैसी सेवाएं मुहैया कराई है।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार रात फाउंडेशन के बोर्ड और वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता की तथा राज्य में कैंसर देखभाल और संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रमुख पहलों की प्रगति की समीक्षा की।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे सबसे ज्यादा जिस आंकड़े ने प्रभावित किया, वह यह है कि स्थापना के करीब चार वर्षों में ही हमारे अस्पतालों ने करीब 15 लाख मरीजों को परामर्श और जांच से लेकर कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और सर्जरी तक की सेवाएं प्रदान की हैं।”
उन्होंने कहा, “इस आंकड़े के पीछे वे लोग हैं, जिन्हें अपने घर के करीब गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार मिला और उन्हें असम छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ा, जैसा कि कुछ साल पहले अक्सर होता था।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पांच और कैंसर अस्पताल जोड़कर इस नेटवर्क का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को धुबरी, नलबाड़ी, नगांव, शिवसागर और गोलपाड़ा में नए कैंसर देखभाल अस्पतालों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’, असम सरकार और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य सुलभ और किफायती कैंसर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कैंसर देखभाल का नेटवर्क स्थापित करना है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष