( तस्वीर सहित )
गुवाहाटी, छह मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमान दुर्घटना में भारतीय वायु सेना के दो पायलट की मौत होने पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया।
शर्मा ने कहा कि ‘‘अत्यंत दुख’’ के इस क्षण में पूरा देश शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत हो गई।
सुखोई-30 लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा कार्बी आंगलोंग में सुखोई सु-30एमकेआई विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से बेहद दुखी हैं। इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की जान चली गई।’’
इसमें कहा गया, ‘‘गहरे दुख के साथ माननीय मुख्यमंत्री शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अपार दुख और क्षति के क्षण में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा