असम में बाढ़: एक व्यक्ति की मौत, 57 हजार से अधिक लोग प्रभावित
असम में बाढ़: एक व्यक्ति की मौत, 57 हजार से अधिक लोग प्रभावित
गुवाहाटी, 19 जुलाई (भाषा) असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और बिगड़ने के बीच एक व्यक्ति की इससे मौत हो गई, जबकि सात जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 57,000 से अधिक हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सेना और वायु सेना से आग्रह किया है कि वह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा बचाव अभियान के लिए तैयार रहे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के चार सहयोगियों को ऊपरी असम का दौरा करने का निर्देश दिया है, ताकि वे हाल ही में आई बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित तीन जिलों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर सकें।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, शिवसागर जिले में बाढ़ के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस वर्ष बाढ़ से जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
एएसडीएमए ने यह भी बताया कि चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, जोरहाट, शिवसागर, तिनसुकिया और उदलगुड़ी जिलों में बाढ़ के कारण 57,100 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इसे देखते हुए असम सरकार ने जरूरत पड़ने पर लोगों की निकासी और बचाव अभियान में मदद के लिए भारतीय सेना और वायुसेना को तैयार रहने का अनुरोध किया है।’
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


