आरपीएफ अधिकारी पर हमला करने के आरोप में असम का एक व्यक्ति गिरफ्तार

आरपीएफ अधिकारी पर हमला करने के आरोप में असम का एक व्यक्ति गिरफ्तार

आरपीएफ अधिकारी पर हमला करने के आरोप में असम का एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: August 27, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: August 27, 2026 8:29 pm IST

मलप्पुरम (केरलम), 27 अगस्त (भाषा) केरल के तिरूर में एक महिला यात्री से कथित तौर पर छेड़छाड़ की शिकायत मिलने के बाद ट्रेन में पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में असम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान असम निवासी रॉयल राजू (30) के रूप में हुई है। राजू पर कासरगोड के आरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक ससी के (57) से मारपीट करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर की है। राजू कोयंबटूर-मंगलुरु ट्रेन में यात्रा कर रहा था और उसने कथित तौर पर एक महिला यात्री का यौन उत्पीड़न किया। अन्य यात्रियों ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी, जिसके बाद ट्रेन के तिरूर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ससी उसमें सवार हुए।

पुलिस ने बताया कि अधिकारी जब राजू को ट्रेन से उतार रहे थे, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें रोककर हमला किया। उसने अधिकारी को काटा, लाठी से सिर पर वार किया और मुक्के मारे।

हमले में अधिकारी को गंभीर चोटें आईं। बाद में अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और राजू को काबू में कर लिया।

तिरूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें लोक सेवक को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग, चोट पहुंचाने और गलत तरीके से बंधक बनाने से संबंधित धाराएं शामिल हैं।

पुलिस ने राजू की गिरफ्तारी दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि महिला यात्री द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद कथित यौन उत्पीड़न के संबंध में अलग मामला दर्ज किया जाएगा।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में