इंफाल, एक अगस्त (भाषा) मणिपुर के जिरिबाम जिले में पुलिस ने असम के एक व्यक्ति को 5.21 किलोग्राम ब्राउन शुगर (मादक पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि असम के कछार जिले की सीमा से सटे जिरिबाम थाना क्षेत्र के लेइनगांगपोकपी इलाके में एक चार पहिया वाहन को जांच के लिए रोका गया था।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से यह मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद कार चला रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान असम के कारबी आंगलोंग स्थित पनिका बस्ती निवासी भीमा पनिका (42) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
भाषा सुमित रंजन
रंजन