नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि यह घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य है।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कुलगाम(जम्मू-कश्मीर) में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत शर्मनाक एवं निंदनीय है। ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की पहचान पूछकर हत्या करना बेहद घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।’’
जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।
भाषा हक रंजन खारी
खारी