असम-मिजोरम सीमा विवाद : शुक्रवार को ट्रकों की आवाजाही बहाल होने की संभावना

असम-मिजोरम सीमा विवाद : शुक्रवार को ट्रकों की आवाजाही बहाल होने की संभावना

असम-मिजोरम सीमा विवाद : शुक्रवार को ट्रकों की आवाजाही बहाल होने की संभावना
Modified Date: November 29, 2022 / 08:02 pm IST
Published Date: October 30, 2020 1:06 pm IST

आइजोल, 30 अक्टूबर (भाषा) असम के लैलापुर में स्थानीय लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 306 पर मार्ग अवरुद्ध किए जाने के मुद्दे को एक उच्च स्तरीय बैठक में उठाए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को असम और मिजोरम के बीच ट्रकों की आवाजाही फिर से शुरू होने की संभावना है। शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई मिजोरम और असम के मुख्य सचिवों की एक ऑनलाइन बैठक में इस मामले पर चर्चा हुई।

भल्ला ने दोनों मुख्य सचिवों से आग्रह किया था कि वे अपने-अपने सीमावर्ती क्षेत्रों से सुरक्षा बल हटा लें ताकि आसपास के इलाके में शांति बहाल हो सके ।

आइजोल से 130 किमी दूर वैरेंटे में तैनात प्रशासन के अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक कोई ट्रक मिजोरम में प्रवेश नहीं कर पाया है।

खबरों में कहा गया है कि असम के कछार जिले में लैलापुर और आसपास के गांव के लोगों ने दोनों राज्यों को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 306 पर नाकेबंदी कर दी थी क्योंकि मिजोरम ने सीमाई इलाकों से अपने बलों को वापस बुलाने से ‘‘इंकार कर दिया था।’’

दोनों राज्यों के लोगों के बीच 17 अक्टूबर को झड़प हो गई थी जिसमें कई लोग घायल हो गए और कई झोपड़े जला दिए गए थे।

इसके बाद ही ट्रकों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

भाषा

शुभांशि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में