असम : हिमंत के शपथ ग्रहण से पहले राजग के नेताओं ने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की

Ads

असम : हिमंत के शपथ ग्रहण से पहले राजग के नेताओं ने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 11:57 AM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 11:57 AM IST

गुवाहाटी, 12 मई (भाषा) असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार शासन संभालने जा रही है।

देवी कामाख्या के दर्शन करने वालों में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल शामिल थे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से कहा, “देवी कामाख्या असम के लोगों पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से असम की जनता ने एक बार फिर भाजपा को अपना जनादेश दिया है। हम इस शुभ अवसर से पहले आशीर्वाद लेने आए हैं।”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण की पूर्ति और उनके ‘विकसित गोवा’ मिशन को साकार करने की शक्ति के लिए प्रार्थना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि असम में भाजपा की तीसरी बार सत्ता में वापसी देवी कामाख्या के आशीर्वाद के साथ-साथ पार्टी और हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व पर जनता के भरोसे का भी प्रमाण है।

भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने असम में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। भाजपा ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत हासिल की है।

भाषा

प्रचेता मनीषा

मनीषा

मनीषा