बेंगलुरु, 12 मई (भाषा) बेंगलुरु के उत्तर पूर्वी हिस्से में स्थित कोथानूर में एक झोपड़ी में आग लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को दोनों भाई-बहन के खेलने के दौरान यह घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि मारे गए बच्चों में तीन साल की एक लड़की और पांच साल का एक लड़का शामिल हैं। उनके माता-पिता रायचूर जिले के दिहाड़ी मजदूर हैं और वे काम पर गए हुए थे। बच्चे हमेशा की तरह अपनी दादी के पास घर पर ही थे।
पुलिस ने बताया कि दादी शौचालय गई थी और उसी दौरान आग लग गई। पड़ोसियों तथा अन्य लोगों ने बच्चों को बचाने के प्रयास किए, जिसमें सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने बताया कि झुलसने और भारी धुएं के कारण बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई।
उसने बताया कि लड़के की मौके पर ही मौत हो गई जबकि लड़की ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जाएगी।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा